अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की वर्ष 2027 की परीक्षाओं को लेकर जिले में तैयारियां शुरू हो गई हैं। परीक्षा के लिए नौ केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। इन केंद्रों पर तीन स्तर की परीक्षाओं में कुल 2010 विद्यार्थी शामिल होंगे। जिला स्तरीय समिति ने केंद्रों का निर्धारण कर विद्यालयों के आवंटन और परीक्षार्थियों की संख्या के साथ प्रस्तावित सूची जारी कर दी है।
पूर्व मध्यमा द्वितीय वर्ष में सबसे अधिक परीक्षार्थी
तीनों स्तरों में पूर्व मध्यमा द्वितीय वर्ष की परीक्षा में सबसे अधिक 806 विद्यार्थी शामिल होंगे। उत्तर मध्यमा प्रथम वर्ष में 709 और उत्तर मध्यमा द्वितीय वर्ष में 495 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इस तरह जिले में कुल 2010 विद्यार्थी संस्कृत बोर्ड की परीक्षा देंगे। प्रस्तावित केंद्रों की क्षमता 300 से 600 विद्यार्थियों तक रखी गई है।
क्षमता और सुविधाओं के आधार पर तय हुए केंद्र
डीआईओएस कौस्तुभ कुमार सिंह ने बताया कि संस्कृत बोर्ड परीक्षा को व्यवस्थित और सुचारु ढंग से संपन्न कराने के लिए केंद्रों का प्रस्ताव तैयार किया गया है। केंद्र निर्धारण में विद्यालयों की उपलब्ध क्षमता, फर्नीचर और परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखा गया है। प्रत्येक केंद्र पर आवंटित विद्यार्थियों का विवरण भी तैयार किया गया है। परीक्षा के दौरान जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के लिए विभाग की ओर से तैयारी की जाएगी।
इन नौ विद्यालयों में परीक्षा कराने का प्रस्ताव
जिले में प्रस्तावित नौ केंद्रों में राजकीय बालिका हाईस्कूल अहिरौली रानीमऊ में 163, राम दुलारी संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरस्वतीनगर मुबारकपुर टांडा में 453 और श्री शंकर जी संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कदरियावां गोशाईगंज में 273 परीक्षार्थी आवंटित किए गए हैं।









