अंबेडकरनगर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देश पर पुलिस ने सभी थाना क्षेत्रों में चेकिंग और गश्त तेज कर दी है। बाजारों, सराफा दुकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।
सीमाओं और प्रमुख मार्गों पर भी पहरा
पुलिस ने जनपद की सीमाओं और प्रमुख मार्गों पर बैरियर लगाकर वाहनों की जांच शुरू की है। इस दौरान संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की तलाशी ली जा रही है। सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
व्यापारियों और नागरिकों से संवाद
पुलिस टीमें बाजारों में व्यापारियों और स्थानीय लोगों से संवाद कर रही हैं। उन्हें किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने त्योहारों के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी थाना प्रभारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। नागरिकों से भी त्योहार शांति और सौहार्द के साथ मनाने तथा जरूरत पड़ने पर नजदीकी थाने या डायल 112 पर सूचना देने की अपील की गई है।









