सरयू तट पर चंद्रेश्वर महादेव धाम की रखी गई आधारशिला

राम मंदिर आंदोलन से जुड़ी हस्तियां पहुंचीं

अम्बेडकरनगर। सरयू नदी के तट पर प्रस्तावित चंद्रेश्वर महादेव तीर्थ के निर्माण की शुरुआत हो गई है। शुक्रवार को ग्राम सभा गंगासागर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन और शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह में राम मंदिर आंदोलन से जुड़ी हस्तियों, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, संत-महात्माओं और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने हिस्सा लिया।

राम मंदिर आंदोलन से जुड़ी हस्तियों की रही मौजूदगी
शिलान्यास समारोह में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद विनय कटियार, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी, राम मंदिर निर्माण के लिए शिलाओं की व्यवस्था से जुड़े नेमीचंद शर्मा और राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के दौरान मुख्य पुरोहित रहे सुनील कुमार शामिल हुए।

इसके अलावा पूर्व विधायक त्रिवेणी राम, पूर्व विधायक अनीता कमल, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जमुना प्रसाद चतुर्वेदी, पूर्व उपाध्यक्ष दिनेश पांडेय, मंडल अध्यक्ष अरविंद उपाध्याय, दिनेश सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष आनंद जायसवाल और मंडल अध्यक्ष विनय पांडेय सहित कई लोग मौजूद रहे।

अयोध्या के राम मंदिर में प्रयुक्त शिलाओं से बनेगा शिव मंदिर
प्रस्तावित चंद्रेश्वर महादेव मंदिर की खास बात इसके निर्माण में इस्तेमाल होने वाली शिलाएं हैं। आयोजकों के अनुसार, मंदिर का निर्माण अयोध्या के राम मंदिर में प्रयुक्त बंसी पहाड़ की शिलाओं से कराया जाएगा। इससे मंदिर की निर्माण योजना को विशेष पहचान मिलेगी।

134 जल स्रोतों के जल से विकसित होगा रामकूप
मंदिर परिसर में एक विशेष कुएं को रामकूप के रूप में विकसित करने की योजना है। इसके लिए 134 पवित्र जल स्रोतों के जल के साथ सरयू नदी के जल का उपयोग किया जाएगा। इस परियोजना में मंदिर के साथ धार्मिक परिसर के विकास की भी परिकल्पना की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button