5 जुलाई तक 5.07 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य

पर्यावरण और गंगा संरक्षण की तैयारियों की समीक्षा

अम्बेडकरनगर। जनपद में वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियानों को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पर्यावरण समिति और जिला गंगा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में वृक्षारोपण महाअभियान-2026, वन महोत्सव सप्ताह, नदी संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन और औद्योगिक प्रदूषण नियंत्रण सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्यों को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए।

5 जुलाई तक 5.07 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य

बैठक में बताया गया कि जनपद को 5 जुलाई तक 5.07 लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य मिला है। इसे पूरा करने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक विभाग अपने निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पौधारोपण सुनिश्चित करे और इसकी नियमित निगरानी भी की जाए।

उन्होंने पौधारोपण के बाद संरक्षण पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि लगाए गए पौधों का बेहतर विकास हो सके।

1 से 7 जुलाई तक मनाया जाएगा वन महोत्सव सप्ताह

बैठक में 1 जुलाई से 7 जुलाई तक आयोजित होने वाले वन महोत्सव सप्ताह की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए।

इस दौरान मिशन छायावन, महर्षि चरक वन, वंदे मातरम् वाटिका, सामाजिक समरसता वन, कपी वन, ऊर्जा रोपण, भाई-बहन पौधारोपण और ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ जैसे विशेष अभियान भी संचालित किए जाएंगे।

हरितिमा अमृत वन एप पर अपलोड होगा पूरा रिकॉर्ड

पौधारोपण कार्य की ऑनलाइन निगरानी के लिए सभी विभागों को हरितिमा अमृत वन एप पर समयबद्ध तरीके से पौधारोपण का विवरण अपलोड करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक विभाग अपने कार्यों की नियमित रिपोर्ट भी उपलब्ध कराए, ताकि प्रगति की समीक्षा की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button