- पाकिस्तान ने आतंकियों को क्यों हटाया? भारत के कदम से घबराहट या रणनीति?
- LoC के पास क्या हो रहा है? जानिए भारत-पाक के बीच ताजा हालात
- युद्ध की तैयारी या डर का संकेत? तुर्किये से पाक में हथियारों की खेप
श्रीनगर। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत की संभावित जवाबी कार्रवाई को भांपते हुए पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा (LoC) के पास स्थित आतंकी लॉन्चिंग पैड्स से आतंकियों को हटाना शुरू कर दिया है। सूत्रों के अनुसार, जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े 30 से 50 आतंकियों को इन क्षेत्रों से सुरक्षित बंकरों में शिफ्ट किया गया है। ये लॉन्चिंग पैड दुधनियाल, अथमुकाम, लीपा, फॉरवर्ड कहूटा और कोटली जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में स्थित हैं।
पाकिस्तानी सेना को अंदेशा है कि भारत इन ठिकानों पर हवाई या मिसाइल हमले कर सकता है। इसलिए सुरक्षा के लिहाज़ से आतंकियों को इन इलाकों से हटा दिया गया है।
तुर्किये से युद्ध सामग्री लेकर पहुंचे 7 सैन्य विमान
इस बीच युद्ध की आशंका के बीच पाकिस्तान ने अपने रक्षा संसाधनों को मजबूत करना शुरू कर दिया है। 27 अप्रैल की रात तुर्किये से सात सी-130 हरक्यूलिस सैन्य विमान पाकिस्तान पहुंचे, जिनमें से छह इस्लामाबाद और एक कराची में उतरे। ये विमान युद्ध सामग्री लेकर आए हैं। पाकिस्तान के पास पुराने और सीमित क्षमता वाले टैंक (जैसे अल-खालिद) और फाइटर जेट (जैसे JF-17) हैं, जिससे उसकी तैयारी पर सवाल उठे हैं।
भारत की दो मिसाइल टेस्टिंग, नौसेना की ताकत का प्रदर्शन
भारत ने पिछले 5 दिनों में दो बार मिसाइल टेस्टिंग कर अपनी सामरिक ताकत का प्रदर्शन किया है।
-
27 अप्रैल को भारतीय नौसेना ने अरब सागर में अपने युद्धपोतों से कई मिसाइलें सफलतापूर्वक दागीं।
-
24 अप्रैल को INS सूरत से समुद्र में लक्ष्य पर मिसाइल दागी गई, जिसने टारगेट को पूरी तरह तबाह कर दिया।
INS सूरत एक उन्नत युद्धपोत है, जो 164 मीटर लंबा और 7400 टन वजनी है। इसमें ब्रह्मोस और बाराक-8 जैसी आधुनिक मिसाइलें और AI आधारित सेंसर लगे हैं।
भारत ने 16 पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों पर लगाया बैन
भारत सरकार ने 28 अप्रैल को पाकिस्तान के 16 यूट्यूब चैनलों पर प्रतिबंध लगा दिया है। इनमें शोएब अख्तर, डॉन न्यूज, जियो न्यूज और समा टीवी जैसे चैनल शामिल हैं। गृह मंत्रालय की सिफारिश पर लिए गए इस फैसले में इन चैनलों पर भारत, भारतीय सेना और सुरक्षा एजेंसियों के खिलाफ भड़काऊ, सांप्रदायिक और भ्रामक कंटेंट फैलाने का आरोप है।
पहलगाम आतंकी हमला: 26 पर्यटकों की मौत
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम के पास बैसरन घाटी में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया। इस हमले में 26 टूरिस्ट मारे गए, जिनमें एक नेपाली नागरिक और एक UAE नागरिक भी शामिल था। हमले में उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, गुजरात, ओडिशा, कर्नाटक और तमिलनाडु के नागरिकों की मौत हुई। 10 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
सभी ट्रेकिंग गतिविधियों पर रोक
हमले के बाद जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने राज्य में सभी ट्रेकिंग गतिविधियों पर रोक लगा दी है। खुफिया एजेंसियों को आशंका है कि दक्षिण और उत्तर कश्मीर के ट्रेकिंग रूट्स का इस्तेमाल आतंकी मूवमेंट के लिए किया जा सकता है।
CCS बैठक में भारत के 5 कड़े फैसले
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई सुरक्षा मामलों की कैबिनेट कमेटी (CCS) की बैठक में पाकिस्तान के खिलाफ 5 बड़े निर्णय लिए गए हैं। यह बैठक करीब ढाई घंटे चली, जिसमें रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, एनएसए अजित डोभाल सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।








