- पाकिस्तान ने 36 जगहों पर घुसपैठ की कोशिश, भारतीय सेना ने दिया मुंहतोड़ जवाब
- 400 ड्रोन की झड़ी, तुर्किये से जुड़े कनेक्शन की जांच शुरू
- पुंछ के गुरुद्वारे पर हमले से भारत में आक्रोश
नई दिल्ली। भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को लेकर विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार शाम 5:30 बजे लगातार तीसरे दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस की। विदेश सचिव विक्रम मिसरी के साथ कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की ताज़ा जानकारी साझा की। मंत्रालय ने पाकिस्तान की सैन्य और कूटनीतिक गतिविधियों को लेकर गंभीर आरोप लगाए और साथ ही भारतीय प्रतिक्रिया को संयमित और जिम्मेदार बताया।
LoC और इंटरनेशनल बॉर्डर पर पाकिस्तान की घुसपैठ की कोशिशें
कर्नल सोफिया कुरैशी ने बताया कि 8 से 9 मई की मध्यरात्रि को पाकिस्तान ने 36 अलग-अलग जगहों पर घुसपैठ की कोशिश की। इस दौरान 300 से 400 ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। शुरुआती जांच में सामने आया कि इनमें से कई ड्रोन तुर्किये निर्मित हैं। भारतीय सेना ने बड़ी संख्या में ड्रोन और एक UAV को नष्ट कर दिया।
उन्होंने बताया कि पाकिस्तान ने जानबूझकर नागरिकों को ढाल की तरह इस्तेमाल किया। 7 मई की रात 8:30 बजे पाकिस्तानी सेना ने मिसाइल और ड्रोन अटैक किया, लेकिन उस दौरान अपने हवाई क्षेत्र को बंद नहीं किया, जिससे आम नागरिकों की जान जोखिम में डाली गई।
भारतीय वायुसेना का संयम, पाक UAV गिराया गया
कर्नल कुरैशी ने बताया कि पंजाब सेक्टर में हाई एयर डिफेंस अलर्ट के चलते भारत ने नागरिक उड़ानों पर रोक लगाई, लेकिन पाकिस्तान ने इस बीच अपने नागरिक विमानों को जारी रखा। दमम से लाहौर तक एक पाकिस्तानी विमान उड़ान भरता रहा। इसी बीच पाकिस्तान की एक UAV ने भटिंडा आर्मी स्टेशन को निशाना बनाने की कोशिश की, जिसे तुरंत गिरा दिया गया।
पाक की कायरतापूर्ण हरकतें, गुरुद्वारे पर हमला – विक्रम मिसरी
विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा कि पाकिस्तान ने पुंछ में स्थित एक गुरुद्वारे पर हमला किया, जिसमें सिख समुदाय के कुछ लोग, जिनमें एक रागी भी शामिल था, मारे गए। उन्होंने पाकिस्तान पर उकसावे की कार्रवाई करने और उसके बाद जिम्मेदारी से बचने का आरोप लगाया।








