
- व्यापारियों ने फायर ब्रिगेड पर लगाया देरी का आरोप
- 12 दमकल गाड़ियों ने तीन घंटे में पाया काबू
- हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई
कानपुर। Kanpur के सचेंडी स्थित चकरपुर सब्जी मंडी में गुरुवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग की शुरुआत मंडी के चबूतरा नंबर-6 स्थित एक आढ़त से हुई और देखते ही देखते उसने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में मंडी की 44 दुकानें धू-धू कर जलने लगीं।
मौके पर मौजूद आढ़तियों और दुकानदारों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। हालात बिगड़ते देख लोगों को अपनी दुकानें छोड़कर जान बचाने के लिए भागना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें करीब 50 फीट ऊंचाई तक उठती दिखाई दीं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
फायर ब्रिगेड पर देरी का आरोप
Mahima Fruit Company के मालिक मनोज ने आरोप लगाया कि सूचना देने के करीब एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि आग में उनके करीब 1 हजार कैरेट अनार जलकर राख हो गए, जिससे लगभग 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
उन्होंने यह भी कहा कि मंडी समिति की ओर से आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे, जिसकी वजह से आग तेजी से फैल गई।
12 दमकल गाड़ियों ने पाया आग पर काबू
फायर ब्रिगेड अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआत में दो दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया था, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए बाद में 12 फायर टेंडर लगाए गए। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रशासन अब आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है।









