गोरखपुर। शहर के यूनिवर्सिटी चौराहे के पास शुक्रवार दोपहर एक चलती CNG ऑटो में अचानक आग लग गई। आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन चालक की सूझबूझ से सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार मोहद्दीपुर की ओर से आ रही ऑटो में दोपहर करीब 1:15 बजे अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ। धुआं देखकर चालक को खतरे का अंदेशा हुआ और उसने तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद सभी यात्रियों को जल्दबाजी में ऑटो से नीचे उतार दिया गया।
कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन धू-धू कर जलने लगा। घटना को देखकर आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। चालक समेत सभी यात्री सुरक्षित हैं।









