बिधनू में ट्रक-डंपर की टक्कर से हाईवे जाम, 6 घंटे तक फंसे रहे वाहन

कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के ट्रक और डंपर की टक्कर के बाद कानपुर-सागर हाईवे पर करीब छह घंटे तक भीषण जाम लगा रहा। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को समय पर सड़क से नहीं हटाया गया, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 4 बजे रिंद नदी पुल के पास आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दी, जिससे पीछे आ रहा डंपर अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुसा। हादसे में डंपर चालक बब्लू निवासी पतरेठा और क्लीनर घनश्याम घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर बिधनू पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन क्षतिग्रस्त वाहनों को तुरंत किनारे नहीं कराया गया। इसी लापरवाही के चलते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लगभग 20 किलोमीटर तक जाम की स्थिति बन गई।

करीब छह घंटे तक जाम लगे रहने से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में जाम की सूचना मिलने पर घाटमपुर एसीपी मौके पर पहुंचे और पुलिस बल के साथ मिलकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।

स्थानीय लोगों ने पुलिस और एनएचआई की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई की जाती, तो घंटों तक जाम की स्थिति नहीं बनती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button