लखनऊ में कार से कुचलकर युवक की मौत, पार्किंग के दौरान हुआ हादसा

निशातगंज इलाके में पड़ोसी की कार युवक के सीने पर चढ़ी, आरोपी चालक हिरासत में

लखनऊ। लखनऊ के निशातगंज इलाके में शुक्रवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। कार के नीचे दबने से 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब युवक खाना खाने के बाद घर के बाहर टहल रहा था।

मृतक की पहचान अजाउर रहमान के रूप में हुई है। वह वेल्डिंग का काम करते थे। घटना निशातगंज गली नंबर-1 की बताई जा रही है।

पार्किंग के दौरान मारी टक्कर

मृतक के बड़े भाई अताउर रहमान खान ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे अजाउर खाना खाने के बाद सिगरेट पीने के लिए पास की गुमटी तक गए थे। इसके बाद वह सड़क पर टहल रहे थे।

इसी दौरान पड़ोसी अनिल कुमार सिंह अपनी ग्रैंड i-10 कार पार्क कर रहे थे। आरोप है कि लापरवाही से वाहन खड़ा करते समय कार ने अजाउर को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद युवक सड़क पर गिर पड़ा और कार उसके सीने पर चढ़ गई।

अस्पताल में तोड़ा दम

हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई। परिजन गंभीर हालत में अजाउर को भाऊराव देवरस अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत नाजुक होने पर उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

आरोपी चालक हिरासत में

घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि अजाउर पांच भाइयों में सबसे छोटे थे।

पुलिस के मुताबिक मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर आगे की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button