- अम्बेडकरनगर के जमुनीपुर में युवक की धारदार हथियार से हत्या
- मृतक की पहचान कोटवा किरौनी निवासी विपुल वर्मा के रूप में हुई
- शराब ठेके के पास खेत में कहासुनी के बाद हुई वारदात
अम्बेडकरनगर। थाना अकबरपुर क्षेत्र के जमुनीपुर बाजार स्थित देशी शराब ठेके के पास सोमवार देर रात एक युवक की हत्या कर दी गई। खेत में हुए इस खूनखराबे से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कोटवा किरौनी निवासी 27 वर्षीय सभाजीत उर्फ विपुल वर्मा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार विपुल देर रात जमुनीपुर स्थित देशी शराब के ठेके पर गया था। वहां से वह कुछ लोगों के साथ ठेके के सामने स्थित खेत की ओर चला गया। खेत में पहुंचने के बाद उनके बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। बहस इतनी बढ़ गई कि एक युवक ने विपुल के गले पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और लहूलुहान विपुल को तत्काल जिला अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ में उपचार के दौरान मंगलवार सुबह विपुल की मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। कोटवा किरौनी गांव में शोक की लहर दौड़ गई। प्रभारी निरीक्षक श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। घटनास्थल की फोरेंसिक टीम से जांच कराई जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
हत्या के पीछे की असल वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस उन लोगों की तलाश कर रही है जो घटनास्थल पर विपुल के साथ मौजूद थे। सीसीटीवी फुटेज व मोबाइल कॉल डिटेल की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है।








