शादी से पहले दुल्हन पर हमले का आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने बरामद किया वारदात में इस्तेमाल हंसिया

  1. बावनपुर क्रॉसिंग के पास दबोचा गया मृत्युंजय, पूछताछ में हमले की वजह भी बताई

अम्बेडकरनगर। शादी से दो दिन पहले मंगेतर पर जानलेवा हमला करने के मामले में अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी मृत्युंजय को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त हंसिया भी बरामद किया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई

प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में रविवार सुबह पुलिस टीम ने मुकदमा संख्या 406/2026, धारा 109 बीएनएस से संबंधित वांछित आरोपी मृत्युंजय (29), निवासी अटंगी ब्राहिमपुर, थाना बेवाना को सुबह करीब 4:45 बजे बावनपुर क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल हंसिया भी बरामद कर लिया गया।

पूछताछ में सामने आई हमले की वजह

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 3 जुलाई को विवाह की रस्म के तहत उसके पिता सिंदूर और सुपाड़ी लेकर युवती के घर गए थे। इसके बाद युवती जेवर और साड़ी को लेकर नाराजगी जताते हुए उसे बार-बार उलाहना दे रही थी। आरोपी ने इसी बात से नाराज होकर 4 जुलाई की सुबह युवती को उसके घर से अकबरपुर ले जाने के दौरान ख्वाजापुर के पास सुनसान स्थान पर हंसिया से हमला करने की बात स्वीकार की।

6 जुलाई को होनी थी शादी, पहले हो चुकी थी कोर्ट मैरिज

मालीपुर थाना क्षेत्र के अलीपुर कोड़रा निवासी ज्योति की शादी 6 जुलाई को मृत्युंजय के साथ तय थी। दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे और पहले कोर्ट मैरिज भी कर चुके थे। बाद में दोनों परिवारों की सहमति से सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार विवाह की तैयारियां चल रही थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button