- 247 स्कूलों को डीआईओएस का नोटिस
- ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य
- पोर्टल पर उपस्थिति शून्य
- नोडल अधिकारी और टीम होगी तैनात
अंबेडकरनगर। जिले के 247 स्ववित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों पर विभागीय निर्देशों की अनदेखी भारी पड़ सकती है। शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं की ऑनलाइन उपस्थिति पोर्टल पर दर्ज नहीं करने पर जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) ने सभी संबंधित विद्यालयों को नोटिस जारी किया है। साथ ही निर्देशों का पालन नहीं होने पर मान्यता वापस लेने की संस्तुति की चेतावनी दी गई है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज के सचिव के निर्देश के अनुसार सभी स्ववित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य किया गया है। इसका उद्देश्य विद्यालयों में छात्रों की संख्या और नियमित उपस्थिति की निगरानी को बेहतर बनाना है।
पोर्टल पर 247 विद्यालयों की उपस्थिति शून्य
विभागीय निर्देश जारी होने के बाद भी जिले के 247 स्ववित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों ने अब तक ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं की है। इसके चलते इन विद्यालयों की उपस्थिति पोर्टल पर शून्य दिखाई दे रही है।
विभाग ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए सभी विद्यालयों को नोटिस भेजा है। डीआईओएस डॉ. कौस्तुभ सिंह ने विद्यालयों में ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था लागू कराने के लिए नोडल अधिकारी नामित करने और टीम गठित करने के निर्देश दिए हैं।
विद्यालयों से संपर्क कर व्यवस्था लागू कराएगी टीम
जारी निर्देशों के अनुसार गठित टीम संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से संपर्क करेगी और ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराना सुनिश्चित कराएगी। विभाग की ओर से विद्यालयों को निर्धारित व्यवस्था का पालन करने के लिए कहा गया है।
लापरवाही जारी रही तो कार्रवाई की चेतावनी
डीआईओएस डॉ. कौस्तुभ सिंह ने कहा है कि नोटिस के बाद भी यदि विद्यालयों ने ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं की तो संबंधित प्रधानाचार्य और नोडल अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।









