- अकबरपुर पुलिस ने वांछित आरोपी रंजीत सोनकर को किया गिरफ्तार
- आरोपी ने 2019 से पीड़िता को शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किया
- मुखबिर की सूचना पर जलालपुर बाईपास से गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और नगर क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में कोतवाली अकबरपुर पुलिस टीम द्वारा लगातार वांछित अपराधियों की तलाश की जा रही है। इसी क्रम में आरोपी रंजीत की गिरफ्तारी की गई है, जो लंबे समय से फरार चल रहा था।
छह साल से दे रहा था शादी का झांसा
पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आरोपी रंजीत ने वर्ष 2019 में उसे शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता ने विवाह की बात कही तो आरोपी टालता रहा। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने कई बार शारीरिक शोषण किया और शादी का वादा करते हुए उसे गुमराह करता रहा। अंत में जब उसने शादी से साफ इनकार कर दिया तो पीड़िता ने इसकी शिकायत पुलिस से की।
जलालपुर बाईपास से हुई गिरफ्तारी
कोतवाली अकबरपुर पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी जलालपुर बाईपास पर कहीं जाने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रंजीत सोनकर बताया। उम्र 25 वर्ष, निवासी संघतिया शहजादपुर, थाना कोतवाली अकबरपुर बताया गया।
गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत भारतीय न्याय संहिता की कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, मामला अजमानतीय है और आरोपी को कानूनन उचित जानकारी देते हुए गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की कार्रवाई दोपहर करीब 12:40 बजे की गई।








