- सभी अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई
- वास्तविक लाभार्थियों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना मुख्य उद्देश्य
- भविष्य में अवैध कब्जे रोकने के लिए सतत निगरानी और सुरक्षा उपाय लागू
अंबेडकरनगर। अंबेडकरनगर नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी बीना सिंह के निर्देशन में काशीराम आवासों में अवैध कब्जा हटाने और दस्तावेज सत्यापन की कार्रवाई तेजी से जारी है। बरवा नासिरपुर और विजयगांव में निर्मित कुल 120 आवासों में से कई लोगों ने बिना वैध दस्तावेज के कब्जा किया हुआ था। प्रशासन ने नियमों के अनुसार अवैध कब्जाधारियों को चेतावनी देकर कार्रवाई सुनिश्चित की है।
बरवा नासिरपुर काशीराम आवास
बरवा नासिरपुर में कुल 60 काशीराम आवास बनाए गए हैं। इसमें 47 लोगों ने वैध दस्तावेज जमा कराए हैं और उनका सत्यापन चल रहा है। वहीं, 13 लोग बिना दस्तावेज के रह रहे थे। प्रशासन ने 8 आवासों में ताला लगाकर उन्हें सुरक्षित किया। शेष 5 लोगों को 2 दिनों के भीतर स्वयं से आवास खाली करने का समय दिया गया है। अधिशासी अधिकारी बीना सिंह ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और कोई भी व्यक्ति वैध दस्तावेज प्रस्तुत किए बिना आवास में नहीं रह सकता।
विजयगांव काशीराम आवास
वहीं, विजयगांव में निर्मित 60 आवासों में 43 लोगों ने वैध दस्तावेज जमा कराए हैं और उनका सत्यापन जारी है। 17 लोग अवैध रूप से रह रहे थे। प्रशासन ने इसमें 11 आवासों में ताला लगाकर कब्जा निष्क्रिय किया और 6 लोगों को 2 दिनों के भीतर स्वयं से आवास खाली करने का निर्देश दिया। बीना सिंह ने स्पष्ट किया कि सभी अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी और वैध लाभार्थियों को उनके आवास सुरक्षित रूप से उपलब्ध कराए जाएंगे।








