- लॉन्चिंग की तैयारी तेज, अगस्त में शुरू होगा पंजीकरण
- हर वर्ग के लिए प्लॉट- EWS से लेकर HIG तक की सुविधा
- रेरा रजिस्ट्रेशन और डिजाइन प्रक्रिया अंतिम चरण में
आगरा। आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) 36 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद एक नई आवासीय योजना की शुरुआत करने जा रहा है। ग्वालियर हाईवे पर ककुआ-भांडई क्षेत्र में विकसित की जा रही “अटलपुरम टाउनशिप योजना” का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अगस्त माह में करेंगे। योजना के तहत पहले चरण की लॉन्चिंग स्वतंत्रता दिवस के आसपास प्रस्तावित है।
25-30 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर हो सकती है कीमत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टाउनशिप में आवासीय प्लॉट की कीमत 25 से 30 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर तथा व्यावसायिक प्लॉट की कीमत 30 से 35 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर के बीच हो सकती है। हालांकि, लॉन्चिंग के समय कीमतों में आंशिक परिवर्तन संभव है।
738 करोड़ की लागत, 1527 करोड़ का राजस्व अनुमान
ADA द्वारा तैयार की गई इस योजना में जमीन खरीद सहित कुल लागत लगभग 738 करोड़ रुपये आंकी गई है। वहीं, प्राधिकरण को इस टाउनशिप से लगभग 1527 करोड़ रुपये के राजस्व की उम्मीद है। योजना के तहत कुल 4087 प्लॉट विकसित किए जाएंगे, जिनमें EWS, LIG, MIG, HIG और ग्रुप हाउसिंग शामिल होंगे।
138.53 हेक्टेयर में विकसित होगी योजना
ककुआ और भांडई क्षेत्र की कुल 138.53 हेक्टेयर भूमि पर अटलपुरम टाउनशिप को तीन चरणों में विकसित किया जाएगा। पहले चरण में 45 हेक्टेयर क्षेत्र में तीन सेक्टरों का विकास होगा। दूसरे चरण में 50 हेक्टेयर और तीसरे में 40 हेक्टेयर भूमि विकसित की जाएगी। पहले चरण में लगभग 1000 यूनिट्स बिक्री के लिए उपलब्ध होंगी।








