मुरादाबाद। बुर्के में अकेली महिलाओं को निशाना बनाकर सरेआम छेड़खानी करने वाला आदिल सैफी आखिरकार पुलिस की गोली का शिकार हुआ। पुलिस ने एनकाउंटर के दौरान आदिल के पैर में गोली मारी, जिसके बाद उसे पकड़कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पूछताछ में उसने कई सनसनीखेज खुलासे किए हैं।
आदिल ने कबूल किया है कि वह अब तक 5 महिलाओं को शिकार बना चुका है और वह खास तौर पर बुर्के में अकेली महिलाओं को ही निशाना बनाता था। उसका कहना है कि महिलाओं के चिल्लाने से उसे मानसिक संतुष्टि मिलती थी।
पीड़िता की आपबीती: “मैं सुन्न पड़ गई थी, सपने में नहीं सोचा था ऐसा होगा”
जिस महिला से आदिल ने सरेआम बदसलूकी की थी, उसकी उम्र करीब 50 साल है। महिला ने बताया कि वह डिप्टीगंज चौराहे के पास गोल कोठी में रहती हैं। उनके पति का एक्सीडेंट हो चुका है और वे बिस्तर पर हैं। चार बच्चों की जिम्मेदारी उन्हीं पर है।
महिला ने बताया, “शाम 6 बजे के करीब मैं सब्जी लेकर लौट रही थी। जैसे ही गली में मुड़ी, आदिल पीछे से आया और मुझे दबोच लिया। मैं सुन्न रह गई। एक पल बाद जैसे-तैसे खुद को उसकी पकड़ से छुड़ाया और थाने जाकर रिपोर्ट दर्ज कराई।”
“योगी जी का शुक्रिया, उन्होंने जो कहा वो करके दिखाया”
पीड़िता ने कहा, “मैं CM योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद करती हूं। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी और मेरे साथ गंदी हरकत करने वाले को 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मेरे लिए इंसाफ की लड़ाई लड़ी। अब चाहती हूं उसे और कड़ी सजा मिले ताकि ऐसे दरिंदे दोबारा ऐसी हरकत करने की हिम्मत न करें।”
पूछताछ में आदिल के चौंकाने वाले बयान
आदिल ने कहा,
“जब भी खाली होता था, मैं सोचता था कि अगली महिला को कैसे टारगेट करना है। जब महिलाएं चीखती थीं, तो मुझे अच्छा लगता था। खुद को रोक नहीं पाता था।”
पुलिस ने आदिल द्वारा बताई गई लोकेशनों पर छानबीन की तो एक और CCTV फुटेज मिला है, जिसमें आदिल एक अन्य महिला को दबोचते हुए दिख रहा है।
कैसे हुआ एनकाउंटर
पुलिस मुरादाबाद क्षेत्र में ड्रोन से जुड़ी अफवाहों को लेकर लोगों को जागरूक कर रही थी। इसी दौरान नदी किनारे बिना नंबर प्लेट की बाइक पर एक युवक तेजी से जा रहा था। शक होने पर उसे रोकने की कोशिश की गई, लेकिन वह भागने लगा।
नट बाबा मठ के पास उसकी बाइक फिसल गई। गिरते ही आदिल ने पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस ने जवाबी फायरिंग में उसके बाएं पैर में गोली मार दी।
इसके बाद उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके पास से तमंचा, जिंदा कारतूस और बाइक बरामद की गई है।
एसपी के सामने आदिल ने मांगी माफी
एनकाउंटर की सूचना मिलने पर एसपी सिटी अस्पताल पहुंचे। उन्हें देखकर आदिल ने कान पकड़कर माफी मांगी और कहा, “अब कभी ऐसी गलती नहीं करूंगा, मुझे एक मौका दे दो।”
अस्पताल में काम करता था आदिल
आदिल सैफी मुरादाबाद के कांठ थाना क्षेत्र के ऊमरी चौराहा का निवासी है। वह पिछले कई वर्षों से डिप्टीगंज चौराहे पर स्थित स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रेणुका त्यागी के नर्सिंग होम में कंपाउंडर के तौर पर काम करता था।








