अम्बेडकरनगर। श्रावण मास की पावन बेला में निकलने वाली कांवर यात्रा को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने जिले के प्रमुख कांवर मार्गों का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने टांडा क्षेत्र के झारखंडी मंदिर छज्जापुर तथा अलीगंज क्षेत्र के समहरिया चौराहा पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, एवं यातायात नियंत्रण जैसे तमाम पहलुओं की जमीनी समीक्षा की।
श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो – डीएम
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि श्रावण मास के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवर लेकर मंदिरों में जलाभिषेक करने आते हैं, ऐसे में हमारा दायित्व है कि उन्हें पूरी सुरक्षा और सुविधा मुहैया कराई जाए।”
उन्होंने साफ शब्दों में संबंधित विभागों को चेताया कि “कहीं भी अव्यवस्था, जलजमाव, ट्रैफिक अवरोध या विद्युत कटौती की शिकायत नहीं आनी चाहिए।”
हर संभावित चुनौती के लिए तैयार रहे पुलिस बल – एसपी
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि “कांवर यात्रा मार्गों पर प्रत्येक संवेदनशील स्थान पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, और के पर्याप्त इंतज़ाम किए जाएं।”
उन्होंने यह भी कहा कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिला कांस्टेबलों की विशेष तैनाती होनी चाहिए और यातायात नियंत्रण के लिए पूर्व से रूट डायवर्जन प्लान तैयार हो।”








