सिविल सेवा प्रशिक्षुओं को अंबेडकरनगर की प्रशासनिक व्यवस्था

अंबेडकरनगर। लाल बहादुर शास्त्री नेशनल एकेडमी ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन, मसूरी में संचालित फाउंडेशन कोर्स के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सिविल सेवा अधिकारियों को सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद अंबेडकरनगर की भौगोलिक, प्रशासनिक तथा विकासात्मक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने अधिकारियों को जनपद की प्रशासनिक संरचना, विकास योजनाओं की प्रगति और शासन की प्राथमिकताओं से अवगत कराया।

इस अवसर पर आयोजित विशेष सत्र में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं और उपलब्धियों पर संक्षिप्त प्रस्तुतीकरण प्रस्तुत किया। परियोजना अधिकारी, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) अनिल कुमार सिंह ने जनपद का सामान्य परिचय देते हुए इसकी भौगोलिक स्थिति, सामाजिक-आर्थिक संरचना, कृषि, उद्योग एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा पर जानकारी दी।

डीएम अनुपम शुक्ला ने बताया कि मसूरी स्थित एकेडमी में फाउंडेशन कोर्स के दौरान भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय पुलिस सेवा, भारतीय वन सेवा, डिफेंस अकाउंट सर्विस और अन्य केंद्रीय सेवाओं के अधिकारी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इसी क्रम में ‘विलेज विजिट प्रोग्राम’ के तहत 12 प्रशिक्षु अधिकारी अंबेडकरनगर पहुंचे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षु अधिकारी एक सप्ताह तक टांडा एवं अकबरपुर विकासखंड के विभिन्न ग्रामों में प्रवास करेंगे। इस दौरान वे ग्रामीण विकास योजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा व्यवस्था, आजीविका कार्यक्रमों और अन्य सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का अध्ययन करेंगे। अधिकारी ग्रामीण जनजीवन और प्रशासनिक तंत्र की कार्यप्रणाली को निकट से समझने का अवसर प्राप्त करेंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशिक्षणरत अधिकारी न केवल ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण करेंगे, बल्कि नगर निकायों और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली का भी अवलोकन करेंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल भावी सिविल सेवकों को प्रशासनिक कार्यों की व्यवहारिक समझ विकसित करने में सहायक सिद्ध होगी।

Related Posts

सड़क सुरक्षा पर प्रशासन की सख्ती

अम्बेडकरनगर में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योत्स्ना बंधु…

Continue reading
होमस्टे नीति–2025 : अम्बेडकर नगर में 13 आवेदनों पर समिति की बैठक

अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ब्रेड एंड ब्रेकफास्ट होमस्टे नीति–2025 के तहत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा के लिए जिला स्तरीय समिति की बैठक कलेक्ट्रेट में आयोजित हुई।…

Continue reading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *