अटल आवासीय विद्यालय में सत्र 2026–27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू

अम्बेडकरनगर। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत संचालित अटल आवासीय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। चयन परीक्षा के माध्यम से कक्षा 06 और कक्षा 09 में योग्य अभ्यर्थियों का प्रवेश किया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

किन बच्चों को मिलेगा प्रवेश का अवसर

अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश उन बच्चों को दिया जाएगा, जिनके माता-पिता उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत निर्माण श्रमिक हैं और जिन्होंने पंजीकरण के उपरान्त 30 नवम्बर 2025 तक न्यूनतम तीन वर्ष की सदस्यता अवधि पूर्ण कर ली हो। इसके अतिरिक्त कोविड-19 महामारी के दौरान निराश्रित हुए वे बच्चे, जो महिला एवं बाल कल्याण विभाग में पंजीकृत हैं, तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के अंतर्गत पात्र बच्चे भी प्रवेश के लिए योग्य माने जाएंगे।

मंडल स्तर पर संचालित हो रहा विद्यालय

अटल आवासीय विद्यालय मंडल स्तर पर जनपद अयोध्या की रूदौली तहसील अंतर्गत ग्राम अमराई में स्थित है। यह विद्यालय शैक्षणिक सत्र 2023–24 से सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। विद्यालय का संचालन श्रमिक परिवारों के बच्चों के शैक्षणिक, बौद्धिक एवं शारीरिक विकास को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है।

कक्षा 06 और 09 में सीटों की संख्या तय

शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए कक्षा 06 में अधिकतम 160 विद्यार्थियों के प्रवेश का प्रस्ताव है। इसके लिए अभ्यर्थियों की जन्म तिथि 01 मई 2014 से 31 जुलाई 2016 के मध्य होनी चाहिए। वहीं कक्षा 09 में अधिकतम 140 विद्यार्थियों का प्रवेश प्रस्तावित है, जिनकी जन्म तिथि 01 मई 2011 से 31 जुलाई 2013 के मध्य निर्धारित की गई है। दोनों कक्षाओं में छात्र और छात्राओं का अनुपात 50:50 रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button