पति से झगड़े के बाद महिला ने बेटी संग ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

  • पहचान में लगे 24 घंटे, कपड़ों से हुई शिनाख्त
  • पति को पुलिस ने हिरासत में लिया, पूछताछ जारी
  • मृतका का मायका फूलपुर के साऊडीह गांव में है

प्रयागराज। खाना बनने में देरी को लेकर हुए विवाद ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। प्रयागराज के सोरांव इलाके में गुरुवार को 35 वर्षीय अर्चना ने अपनी 6 साल की बेटी अनन्या के साथ ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। इस घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया।

पति से झगड़े के बाद उठाया कदम

अर्चना के पति रामसूरत उर्फ गोपाल ने पुलिस को बताया कि गुरुवार सुबह खेत जाना था, लेकिन खाना तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। गुस्से में उसने पत्नी को दो-तीन थप्पड़ मार दिए और घर से निकल गया।
रामसूरत का कहना है— “सोचा नहीं था कि वो इतना बड़ा कदम उठा लेगी।”

ट्रेन आने का इंतजार करती रही महिला

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अर्चना घटना से पहले करीब 20-25 मिनट तक रेलवे ट्रैक के पास टहलती रही। जैसे ही तेज रफ्तार ट्रेन आई, वह अपनी बेटी के साथ पटरी पर कूद गई। ट्रेन की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि बचने का कोई मौका नहीं मिला।

पहचान में लगे 24 घंटे, कपड़ों से हुई शिनाख्त

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। लेकिन पहचान में 24 घंटे का समय लगा। शुक्रवार को कपड़ों के आधार पर परिवार ने शवों की पहचान अर्चना और उसकी बेटी अनन्या के रूप में की।
अर्चना की शादी 7 साल पहले रामसूरत से हुई थी। उसका मायका फूलपुर के साऊडीह गांव में है। मौत की खबर सुनकर मायके के लोग भी पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे और रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पुलिस ने पति को हिरासत में लिया

सोरांव इंस्पेक्टर केशव वर्मा ने बताया कि पति से पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच झगड़े की बात सामने आई है। आगे की जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

Back to top button