डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम फिर पैरोल पर बाहर

30 दिन बाद सिरसा डेरे पहुंचा

  • गुरमीत राम रहीम 30 दिन की पैरोल पर बाहर आया
  • सुबह सुनारिया जेल से निकला, सिरसा डेरे पहुंचा
  • काफिले में 8 लग्जरी गाड़ियां शामिल
  • 2017 से अब तक 16वीं पैरोल/फरलो

सिरसा, हरियाणा। गुरमीत राम रहीम एक बार फिर जेल से बाहर आ गया है। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख को 30 दिन की पैरोल मिली है। मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे वह रोहतक की सुनारिया जेल से बाहर निकला और करीब सवा 9 बजे डेरा सच्चा सौदा मुख्यालय पहुंच गया।

राम रहीम के काफिले में टोयोटा लैंड क्रूजर और फॉर्च्यूनर लिजेंडर समेत 8 लग्जरी गाड़ियां शामिल थीं। पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए थे।

साध्वियों के यौन उत्पीड़न मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे राम रहीम की यह 16वीं पैरोल या फरलो है। वर्ष 2026 में यह दूसरी बार है जब वह जेल से बाहर आया है। इससे पहले जनवरी 2026 में उसे 40 दिन की पैरोल मिली थी और फरवरी में वह वापस जेल लौटा था।

जानकारी के अनुसार, रोहतक जेल प्रशासन ने भीड़ से बचने के लिए राम रहीम को सुबह जल्दी जेल से रवाना किया। सिरसा डेरे में उसके काफिले की एंट्री पिछले गेट से कराई गई। डेरामुखी के पहुंचते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया।

साल 2017 में दोषी ठहराए जाने के बाद से राम रहीम को कई बार पैरोल और फरलो मिल चुकी है। वह फिलहाल साध्वी यौन शोषण मामले में 20 साल की सजा काट रहा है।

पहले भी पैरोल के दौरान वह कभी सिरसा डेरे तो कभी बागपत स्थित डेरा आश्रम में रह चुका है।

सिरसा पहुंचने के बाद राम रहीम ने अपने अनुयायियों के लिए एक वीडियो संदेश भी जारी किया। इसमें उसने समर्थकों से डेरा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button