
- लगातार 7 दिन की तेजी के बाद बाजार में मुनाफावसूली
- सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में हल्की गिरावट
- IT और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में दबाव
नई दिल्ली। सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स करीब 250 अंक की गिरावट के साथ 79,850 के स्तर पर कारोबार कर रहा है, वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 50 अंक लुढ़ककर 24,250 के करीब पहुंच गया है।
सेंसेक्स के 30 में से 15 शेयर लाल निशान में हैं। जोमैटो, भारती एयरटेल और ICICI बैंक के शेयरों में 1% की गिरावट देखी गई। वहीं, इंडसइंड बैंक, नेस्ले इंडिया और टेक महिंद्रा ने 3% तक की मजबूती दर्ज की।
निफ्टी के 50 में से 30 स्टॉक्स में गिरावट देखी जा रही है। सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो रियल्टी इंडेक्स में सबसे ज्यादा 1.4% की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि ऑटो, मेटल और मीडिया सेक्टर में भी हल्की कमजोरी देखी जा रही है। इसके विपरीत फार्मा और सरकारी बैंकिंग शेयरों में हल्की तेजी रही।
ग्लोबल बाजार का हाल:
अंतरराष्ट्रीय बाजारों की बात करें तो बुधवार को अमेरिकी शेयर बाजारों में तेजी का रुख रहा। डाउ जोन्स में 420 अंक, नैस्डेक में 408 अंक और S&P 500 में 88 अंक की मजबूती रही। एशियाई बाजारों में भी मिश्रित रुख देखने को मिला—जापान का निक्केई इंडेक्स 375 अंक चढ़ा, जबकि कोरिया का कोस्पी और चीन का शंघाई कंपोजिट थोड़ी गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं।
विदेशी निवेशकों का भरोसा बरकरार:
23 अप्रैल को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने भारतीय बाजार में ₹3,332.93 करोड़ की खरीदारी की, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने ₹1,234.46 करोड़ की बिकवाली की।








