दीपावली-छठ के बाद यात्रियों की भीड़ में कमी
दिल्ली रूट पर वेटिंग 150 से घटकर 35 तक
वंदे भारत और डबलडेकर एक्सप्रेस में सीटें खाली
लखनऊ। दीपावली और छठ पर्व के बाद अब यात्रियों की संख्या में कमी आने लगी है, जिससे ट्रेनों में सीटों की मारामारी घटने लगी है। दिल्ली और मुंबई की ओर जाने वाली ट्रेनों की वेटिंग लिस्ट अब सामान्य स्तर पर पहुंच गई है।
दिल्ली रूट की कई ट्रेनों में जहां पहले वेटिंग 150 तक पहुंच गई थी, वहीं अब यह घटकर 30 से 35 रह गई है। इसी तरह, मुंबई की ओर जाने वाली ट्रेनों में औसतन वेटिंग 100 के आसपास दर्ज की जा रही है।
वंदे भारत और डबलडेकर एक्सप्रेस में सीटें खाली
दिल्ली जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस की चेयरकार में शुक्रवार को 95 सीटें खाली थीं। वहीं डबलडेकर एक्सप्रेस में भी अब कन्फर्म टिकटें आसानी से मिल रही हैं।
त्योहारों पर एक-एक सीट के लिए मची थी होड़
दीपावली और छठ के दौरान लखनऊ से दिल्ली और मुंबई जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की जबरदस्त भीड़ देखी गई थी। लखनऊ मेल, एसी एक्सप्रेस, गोरखधाम, वैशाली, कैफियात और पद्मावत एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में वेटिंग 150 तक पहुंच गई थी।
मुंबई रूट की पुष्पक, एलटीटी एक्सप्रेस, अवध और कुशीनगर एक्सप्रेस में तो वेटिंग 250 तक दर्ज की गई थी।
अब स्थिति सुधर रही है और रेलवे का अनुमान है कि अगले सप्ताह तक हालात पूरी तरह सामान्य हो जाएंगे।
तत्काल कोटे में भी राहत
रेलवे के तत्काल कोटे से भी यात्रियों को अब राहत मिलने लगी है। बुधवार को लखनऊ से दिल्ली और मुंबई के लिए बुकिंग के दौरान 18 ट्रेनों में 220 से अधिक सीटें खाली थीं, जिनमें यात्रियों को 126 कन्फर्म टिकटें मिलीं।








