- होटल सिटी पैलेस से दोपहर 2 बजे निकलेगी यात्रा, नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगा रथ
अम्बेडकर नगर। अकबरपुर शहर में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस्कॉन धनऊपुर की ओर से आयोजित होने वाली रथयात्रा 21 जुलाई, मंगलवार को निकाली जाएगी। वर्ष 2023 से लगातार आयोजित हो रही इस रथयात्रा को इस बार भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किया जाएगा।
रथयात्रा में भगवान जगन्नाथ के दर्शन, हरिनाम संकीर्तन और महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है और आयोजन समिति ने व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है।
साप्ताहिक बंदी के दिन आयोजन, लोगों को मिलेगी भागीदारी की सुविधा
आयोजन समिति ने बताया कि रथयात्रा मंगलवार को रखी गई है। अकबरपुर में मंगलवार को साप्ताहिक बंदी रहती है, जिससे व्यापारी, नौकरीपेशा लोग और अन्य श्रद्धालु आसानी से कार्यक्रम में शामिल हो सकेंगे।
रथयात्रा के दौरान श्रद्धालु रथ की रस्सी खींचने, हरिनाम संकीर्तन में शामिल होने और महाप्रसाद ग्रहण करने में भाग ले सकेंगे।
दोपहर 2 बजे होटल सिटी पैलेस से होगा शुभारंभ
कार्यक्रम के अनुसार, 21 जुलाई को दोपहर 2 बजे शहजादपुर-मालीपुर रोड स्थित होटल सिटी पैलेस से रथयात्रा का शुभारंभ होगा। शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और महाआरती के साथ की जाएगी।
इसके बाद रथयात्रा जेटली स्कूल से होते हुए रामजानकी मंदिर रोड, लोहिया मूर्ति और फव्वारा तिराहा पहुंचेगी। इसके बाद नगर भ्रमण करते हुए रथ पुनः होटल सिटी पैलेस पहुंचेगा, जहां कार्यक्रम का समापन होगा।
रास्ते में होगा महाप्रसाद वितरण
रथयात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है। आयोजन समिति की ओर से यात्रा के संचालन, श्रद्धालुओं की सुविधा और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां की गई हैं।









