दिल्ली : अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणामों को लेकर बड़ा बयान दिया है। समाजवादी पार्टी प्रमुख ने चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए सुप्रीम कोर्ट से मतगणना की CCTV फुटेज पूरे देश के सामने लाइव जारी करने की मांग की है।
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि पश्चिम बंगाल में जिन सीटों पर वोट कटे, वहां भारतीय जनता पार्टी को बड़ी बढ़त मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मतगणना की फुटेज सार्वजनिक की जानी चाहिए।
अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि वह Mamata Banerjee को नैतिक समर्थन देने के लिए बंगाल जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के बाद विपक्षी दलों के कार्यालयों को निशाना बनाया जा रहा है और हिंसा की घटनाएं लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय हैं।
प्रेस वार्ता में उन्होंने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा दावा किया। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी आगामी चुनाव में सरकार बनाएगी और बंगाल के अनुभवों से सीख लेकर आगे की रणनीति तैयार करेगी।
आईपैक के साथ करार समाप्त होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि संसाधनों की कमी के चलते नई एजेंसी के साथ काम करने की तैयारी की जा रही है। इस दौरान उन्होंने चुनाव आयोग और भाजपा पर भी तीखा हमला बोला।









