
पंचकूला: पंचकूला नगर निगम की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। Kotak Mahindra Bank पर करीब ₹160 करोड़ की गड़बड़ी का आरोप लगा है। मामले के सामने आने के बाद बैंक ने खुद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और जांच शुरू कर दी गई है।
नगर निगम के कमिश्नर विनय कुमार के अनुसार, निगम की कई FD लंबे समय से बैंक की पंचकूला शाखा में जमा थीं। एक FD के मैच्योर होने पर जब रकम ट्रांसफर कराने की प्रक्रिया शुरू हुई, तभी रिकॉर्ड में गड़बड़ी का पता चला।
इसके बाद नगर निगम ने बैंक से सभी जमा खातों का पूरा ब्योरा मांगा। शुरुआती जांच में यह गड़बड़ी करीब ₹160 करोड़ तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
बैंक की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि FD और संबंधित खातों की विस्तृत जांच की जा रही है। अब तक की पड़ताल में KYC दस्तावेज, सिग्नेचर और अकाउंट ओपनिंग प्रक्रिया सही पाई गई है। बैंक का दावा है कि सभी लेनदेन नियमों के तहत ही किए गए हैं।
पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बैंक ने खुद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और नगर निगम के साथ मिलकर मामले की जांच में सहयोग कर रहा है।
इससे पहले भी IDFC First Bank की चंडीगढ़ शाखा में ₹590 करोड़ के घोटाले का मामला सामने आ चुका है, जिसमें सरकारी खातों में हेरफेर की बात सामने आई थी।








