ज्वालामुखी सिविल अस्पताल में मरीजों को परोसी गई कथित फफूंद लगी ब्रेड

वायरल वीडियो के बाद अस्पताल प्रबंधन पर उठे सवाल, मरीजों और परिजनों ने भोजन की गुणवत्ता पर जताई नाराजगी

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले स्थित ज्वालामुखी सिविल अस्पताल में मरीजों को कथित तौर पर फफूंद लगी ब्रेड परोसे जाने का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार सुबह उस समय उजागर हुई, जब एक मरीज की तीमारदार युवती ने ब्रेड की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया और मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा कर दिया।

वायरल वीडियो में अस्पताल की ओर से नाश्ते में वितरित की गई ब्रेड पर फफूंद जैसी परत दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली और मरीजों को उपलब्ध कराए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना के बाद मरीजों और उनके परिजनों में नाराजगी देखी जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, घटना के समय अस्पताल में करीब 8 से 10 मरीज भर्ती थे। सुबह के नाश्ते में सभी मरीजों को ब्रेड परोसी गई थी। मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि ब्रेड का सेवन करने से पहले ही उसकी गुणवत्ता संदिग्ध प्रतीत हुई, जिसके बाद इसकी शिकायत अस्पताल कर्मियों से की गई।

परिजनों के अनुसार, किसी भी मरीज ने उक्त ब्रेड का सेवन नहीं किया। वहीं कुछ लोगों ने सबूत के तौर पर ब्रेड के नमूने अपने पास सुरक्षित रख लिए हैं। मामले के सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन की ओर से जांच की संभावना जताई जा रही है।

यह घटना सरकारी अस्पतालों में मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था को लेकर एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button