सूने मकान का ताला तोड़कर 10 लाख के जेवरात और सामान ले गए चोर

सीहमई कारीरात में दो दिन से बंद था घर, अलमारियों, बक्सों और बेड का लॉकर तोड़कर की चोरी

अंबेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के सीहमई कारीरात गांव में चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाकर करीब 10 लाख रुपये के जेवरात और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। परिवार की महिला के घर लौटने पर मंगलवार को चोरी की जानकारी हुई। सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

दो दिन से बंद था मकान

गांव निवासी भरतमणि तिवारी के मुताबिक, घर में रहने वाली गीता तिवारी दो दिन पहले मायके गई थीं। घर पर किसी के नहीं होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

मंगलवार को गीता तिवारी घर लौटीं तो कमरे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारियों और बक्सों का सामान बिखरा था। बेड का लॉकर भी टूटा हुआ था।

अलमारी और बक्से खंगाले

पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरों ने दो अलमारियों, तीन बक्सों और बेड के लॉकर को तोड़कर सामान खंगाला। चोर करीब 15 ग्राम के कान के झुमके, 12 ग्राम का कान का झाला, 20 ग्राम का मंगलसूत्र, दो अंगूठियां, नाक की कील, सात जोड़ी पायल और एक छागल समेत अन्य सामान ले गए।

परिवार ने चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई है।

उत्तराखंड रोडवेज में तैनात हैं भरतमणि

भरतमणि तिवारी उत्तराखंड रोडवेज विभाग में यातायात निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। घटना के समय घर पर कोई सदस्य मौजूद नहीं था। इसी दौरान चोरों ने मकान का ताला तोड़कर चोरी की।

पुलिस खंगाल रही आसपास की जानकारी

चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस चोरी के मामले में सुराग जुटाने का प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button