राजभर का अखिलेश पर तंज- मथुरा जाकर करें श्रीकृष्ण के दर्शन

सपा के पोस्टर को बताया गलत, भाजपा के पोस्टर का किया समर्थन; कानून व्यवस्था पर योगी सरकार का बचाव किया

अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने गुरुवार को राजनीतिक पोस्टरबाजी को लेकर समाजवादी पार्टी और पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने सपा के पोस्टर को गलत बताते हुए भाजपा के पोस्टर का समर्थन किया। राजभर ने कहा कि सपा के पोस्टर के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की जा रही है कि भगवान श्रीकृष्ण अखिलेश यादव को दोबारा सत्ता में लाएंगे, जबकि उनके मुताबिक अखिलेश यादव भगवान श्रीकृष्ण को मानते ही नहीं हैं।

अखिलेश यादव को मथुरा जाने की दी नसीहत

राजभर ने कहा कि यदि अखिलेश यादव भगवान श्रीकृष्ण में आस्था रखते हैं तो उन्हें मथुरा जाकर दर्शन करना चाहिए। ऐसा करने पर पोस्टर में दिए गए संदेश को भी मजबूती मिलती। उन्होंने भाजपा के पोस्टर का समर्थन करते हुए कहा कि उसमें भगवान राम का उल्लेख किया गया है।

मंत्री ने दावा किया कि भाजपा के लोग भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण, दोनों के दरबार में माथा टेकते हैं। इसी क्रम में उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि असली पुजारी भाजपा की ओर हैं, जबकि दूसरी तरफ नकली लोग हैं। इस दौरान उन्होंने बसपा प्रमुख मायावती के बयान का भी जिक्र किया।

धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रम को लेकर अखिलेश पर निशाना

ओमप्रकाश राजभर ने प्रतापगढ़ और अम्बेडकरनगर में धीरेंद्र शास्त्री के संभावित कार्यक्रमों को लेकर अखिलेश यादव के ट्वीट पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिन जिलों में धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रम होते हैं, वहां अखिलेश यादव ट्वीट जरूर करते हैं।

राजभर ने कहा कि अगर अखिलेश यादव को लगता है कि धीरेंद्र शास्त्री ने कुछ गलत कहा है तो उन्हें पूरे प्रदेश में आंदोलन करना चाहिए। उन्होंने अखिलेश यादव को ‘ट्विटर नेता’ बताते हुए आरोप लगाया कि वह सड़कों पर उतरने के बजाय ट्वीट और प्रेस कॉन्फ्रेंस तक ही सीमित रहते हैं।

मंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों से जाति पूछने के मुद्दे पर भी अखिलेश यादव को घेरा। उन्होंने इस व्यवहार को लेकर सवाल उठाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button