राजभर का अखिलेश पर बड़ा सियासी वार

बोले- ‘2027 नहीं, अगले जन्म की तैयारी करें’- अंबेडकरनगर में PDA पर पलटवार, मुस्लिम नेतृत्व को लेकर सपा से पूछा सवाल; 2017-22 के बाद 2027 की हार का लगाया दावा

अंबेडकरनगर। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले उत्तर प्रदेश की सियासत में जुबानी जंग तेज होती दिख रही है। अंबेडकरनगर पहुंचे सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख और कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर सीधा हमला बोला। मीडिया से बातचीत में उन्होंने अखिलेश यादव के 2027 में सरकार बनाने के दावे को खारिज किया। साथ ही सपा के PDA फॉर्मूले और मुस्लिम समाज को लेकर पार्टी की राजनीति पर सवाल उठाए।

‘2027 की नहीं, अगले जन्म की तैयारी करें अखिलेश’
अखिलेश यादव के 2027 में सरकार बनाने के दावे पर राजभर ने तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को 2027 की नहीं, बल्कि अगले जन्म की पैदाइश की तैयारी करनी चाहिए।

सपा की पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए राजभर ने आरोप लगाया कि उस दौरान एक जाति विशेष को बढ़ावा दिया गया। उन्होंने कहा कि जनता के बीच किए गए कार्यों का परिणाम सपा को चुनावों में भुगतना पड़ा है।

मुस्लिम वोट पर सपा से सीधा सवाल
ओमप्रकाश राजभर ने सपा की मुस्लिम राजनीति पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की करीब 20 प्रतिशत मुस्लिम आबादी ने चार बार यादव समाज के नेता को मुख्यमंत्री बनाने में भूमिका निभाई, लेकिन सपा ने मुस्लिम समाज को केवल वोट बैंक के तौर पर इस्तेमाल किया।

राजभर ने सवाल किया कि यदि सपा मुस्लिम समाज की वास्तविक हितैषी है तो किसी मुस्लिम नेता के बेटे को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार क्यों नहीं घोषित करती।

उन्होंने सपा और कांग्रेस के मुस्लिम विधायकों और नेताओं को लेकर भी आरोप लगाया कि वे इस मुद्दे पर खुलकर आवाज नहीं उठा सकते। राजभर ने दावा किया कि पार्टी के भीतर इस तरह की मांग उठाने वाले नेताओं के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button