ईद मिलादुन्नबी पर रोशनी से जगमगाया जिला

जगह-जगह निकले जुलूस-ए-मोहम्मदी- अकीदतमंदों की भीड़ से गुलजार रहे रास्ते, जलालपुर में 18 अंजुमनों ने पेश की नात-ए-पाक

अंबेडकरनगर। ईद मिलादुन्नबी (बारावफात) पर बुधवार को जिलेभर में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाले गए। अकबरपुर, टांडा, जलालपुर, किछौछा, बसखारी, सम्मनपुर, हंसवर, सैदापुर और लोरपुर समेत विभिन्न क्षेत्रों में धार्मिक आयोजन हुए। मस्जिदों, घरों और गलियों को रंगीन रोशनी से सजाया गया। जुलूस में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने भाग लिया।
जुलूस के रास्तों पर कई जगह स्वागत द्वार बनाए गए। अकीदतमंदों के लिए पानी, शरबत और मिठाई की व्यवस्था की गई। पुलिस और प्रशासन की टीमें सुरक्षा व्यवस्था में लगी रहीं। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया।

जलालपुर में पांच पड़ावों पर सजी नात की महफिल

जलालपुर नगर में मरकजी कमेटी तहफ्फुज नामूसे रिसालत के तत्वावधान में दलालटोला के गंज शहीदा से नमाज-ए-ईशा के बाद जुलूस और नात-ख्वानी शुरू हुई। करीब 18 अंजुमनों ने पांच निर्धारित पड़ावों पर नात-ए-पाक और धार्मिक कलाम पेश किए। सभी पड़ावों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था।

इसी क्रम में तन्जीम-ए-दावत-ए-इस्लामी की ओर से काजीपुरा स्थित फैजान ग्राउंड से जुलूसे मुहम्मदी निकाला गया। विभिन्न मार्गों से गुजरने के बाद जुलूस काजीपुरा पहुंचकर समाप्त हुआ।

हंसवर में गांवों से निकला जुलूस

हंसवर क्षेत्र में गोहिल जाललीपुरा और कटोखर गांव से सुबह करीब 10 बजे जुलूस निकला। जुलूस हंसवर गन्ना मिल के पास पहुंचा और वहां से कटोखर चौराहे होते हुए वापस लौटा। गर्मी और उमस को देखते हुए जगह-जगह पानी और शरबत की व्यवस्था की गई।

शरीफपुर और सैदापुर में भी उमड़ी भीड़

सम्मनपुर क्षेत्र के शरीफपुर गांव में अंजुमन इत्तेहादुल मुस्लिमीन की ओर से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। जुलूस गांव की गलियों से गुजरा। वहीं सैदापुर में भी अंजुमन की ओर से जुलूस निकाला गया। दोनों स्थानों पर ग्रामीणों ने नात-ए-पाक पढ़ते हुए भागीदारी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button