- विदेश भेजने का झांसा
- 2.40 लाख रुपये की ठगी
- चार आरोपियों पर एफआईआर
- सीजेएम के आदेश पर कार्रवाई
अंबेडकरनगर। विदेश में ड्राइवर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 2.40 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) के आदेश पर बसखारी पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बसखारी थाना क्षेत्र के मुजाहिदपुर निवासी इबरान अहमद ने न्यायालय में प्रार्थनापत्र देकर आरोप लगाया कि उनके रिश्तेदार एजाज अली ने विदेश में ड्राइवर की नौकरी और अच्छा वेतन दिलाने का भरोसा देकर उनसे 2.40 लाख रुपये ले लिए। इसके अलावा मेडिकल जांच, दस्तावेज और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर करीब 19 हजार रुपये अतिरिक्त खर्च कराए गए।
लखनऊ में मेडिकल, मुंबई बुलाकर कराई गई औपचारिकताएं
पीड़ित के अनुसार, नौकरी के लिए पहले उनका मेडिकल परीक्षण लखनऊ में कराया गया। इसके बाद अन्य प्रक्रियाओं के लिए उन्हें मुंबई बुलाया गया। आरोप है कि बाद में उन्हें कम वेतन वाला वीजा और हवाई टिकट उपलब्ध कराया गया, जिसे उन्होंने फर्जी बताया।
इबरान अहमद का कहना है कि जब उन्होंने इस संबंध में आपत्ति जताई और रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने पहले 10 दिन के भीतर विदेश भेजने या पूरी रकम लौटाने की बात कही। बाद में रुपये वापस करने से इन्कार कर दिया गया।
चार लोगों पर ठगी का आरोप
पीड़ित ने आरोप लगाया कि एजाज अली, उसकी पत्नी सहराना खातून, भाई सहरे आलम और एक अन्य भाई विदेश भेजने के नाम पर लोगों से ठगी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मामले को लेकर थाने और 23 दिसंबर 2025 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।









