अंबेडकरनगर। आधी रात जैसे ही कृष्ण जन्म का समय हुआ, पुलिस लाइन परिसर शंखनाद और ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंज उठा। फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजे मंदिर में विधिविधान से पूजा-अर्चना और आरती की गई। इससे पहले शाम से ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला चलता रहा। फूलों की होली कार्यक्रम का खास आकर्षण रही।
पुलिस लाइन स्थित मंदिर को फूलों और रंगीन रोशनी से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। शाम होते ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कृष्ण जन्म के प्रसंग से जुड़े कार्यक्रमों ने आयोजन को खास बनाया। रात 12 बजे कृष्ण के जन्म के साथ ही मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा। पूजा और आरती के बाद प्रसाद का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश राजभर, कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद, जिला जज चंद्रोदय कुमार, डीएम ईशा प्रिया, पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक हरेंद्र कुमार, डॉ. तेजवीर सिंह, क्षेत्राधिकारी नीतीश कुमार तिवारी समेत पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
घरों में भी सजे कान्हा-राधा के रूप
कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर शहर से लेकर गांवों तक मंदिरों को सजाया गया। घरों में भी विशेष तैयारियां की गईं। बच्चों को कान्हा और राधा के रूप में सजाया गया। मुकुट और बांसुरी से सजे बच्चों ने आकर्षण बढ़ाया। कई स्थानों पर कृष्ण की झांकियां सजाई गईं।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भजन-कीर्तन, कृष्ण लीला, झांकी और दही-हांडी कार्यक्रम हुए। मंदिरों में देर रात तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। प्रमुख मंदिरों और आयोजन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहा।









