
दिल्ली धमाकों के बाद अंबेडकरनगर पुलिस अलर्ट मोड में
सीमावर्ती मार्गों पर बैरियर और गहन वाहन जांच जारी
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर ने खुद निरीक्षण किया
]अंबेडकरनगर। दिल्ली में हुए सिलसिलेवार बम धमाकों के बाद अंबेडकरनगर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सोमवार को भी जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की सघन चेकिंग और निगरानी जारी रही। अयोध्या जिले की सीमाओं से जुड़े सभी मार्गों पर बैरियर लगाकर पुलिस ने आने-जाने वाले वाहनों की गहन जांच की।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर ने स्वयं सीमावर्ती क्षेत्रों का निरीक्षण किया और तैनात पुलिस कर्मियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने सभी कर्मियों को निर्देश दिया कि किसी भी वाहन को चेकिंग के बिना आगे न जाने दिया जाए।
अयोध्या से लगती सीमाओं पर पुलिस का कड़ा पहरा
अंबेडकरनगर-अयोध्या सीमा पर अहिरौली का यादवनगर, भीटी का चनहा, इब्राहिमपुर का सेवागंज, महरुआ, अन्नावां चौराहा और अकबरपुर तहसील तिराहा सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात है। यहां बैरियर लगाकर चारपहिया और दोपहिया वाहनों की बारीकी से जांच की जा रही है।
सीसी कैमरों के माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्रों की निगरानी भी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है और बिना जांच किसी को भी सीमा पार नहीं करने दिया जा रहा है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने किया मौके का निरीक्षण
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर के साथ अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्यामदेव, पश्चिमी हरेंद्र कुमार, अकबरपुर सीओ नितीश तिवारी, टांडा सीओ शुभम कुमार, भीटी सीओ लक्ष्मीकांत मिश्र और आलापुर सीओ प्रदीप कुमार चंदेल ने विभिन्न बैरियरों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।








