अंबेडकरनगर। प्रेस क्लब भवन में बृहस्पतिवार को वरिष्ठ पत्रकार भूपेंद्र सिंह गर्गवंशी और केडी मिश्रा के आकस्मिक निधन पर शोक सभा आयोजित की गई। दोपहर एक बजे हुई सभा में प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों ने दोनों पत्रकारों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की गई।
भूपेंद्र सिंह गर्गवंशी प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष बृजेंद्र वीर सिंह के बड़े भाई थे। उनके निधन पर प्रेस क्लब अध्यक्ष शैलेंद्र तिवारी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि भूपेंद्र सिंह गर्गवंशी के निधन से पत्रकारिता जगत ने एक वरिष्ठ साथी खो दिया है। उनका आकस्मिक निधन बेहद दुखद है। उनके जाने से पत्रकारिता क्षेत्र में जो कमी आई है, उसकी भरपाई आसान नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि भूपेंद्र सिंह का पत्रकारिता से जुड़ाव रहा और उनके निधन से प्रेस क्लब परिवार में भी शोक है। शैलेंद्र तिवारी ने दिवंगत पत्रकार की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
केडी मिश्रा के निधन पर भी जताया शोक
शोक सभा में वरिष्ठ पत्रकार केडी मिश्रा के आकस्मिक निधन पर भी प्रेस क्लब पदाधिकारियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। शोक सभा में प्रेस क्लब अध्यक्ष शैलेंद्र तिवारी, महासचिव अहमद मेंहदी, उपाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश पाठक, कार्यकारिणी सदस्य सुधीर कुमार श्रीवास्तव समेत अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। सभी ने दोनों दिवंगत पत्रकारों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।









