कांवड़ यात्रा को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी, कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

एसपी प्राची सिंह ने जारी की एडवाइजरी, भारी वाहनों पर चरणबद्ध रोक; वैकल्पिक मार्गों का करें उपयोग

अंबेडकरनगर। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा, शिवरात्रि, नागपंचमी और मणिपर्वत मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने विस्तृत डायवर्जन प्लान जारी किया है। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने बताया कि विभिन्न तिथियों पर भीड़ को देखते हुए भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा, जबकि हल्के वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
इन तिथियों पर लागू रहेगा डायवर्जन
पुलिस के अनुसार श्रावण मास के दूसरे सोमवार (10 अगस्त) और शिवरात्रि (11 अगस्त) के मद्देनजर 8 अगस्त सुबह 8 बजे से 12 अगस्त सुबह 8 बजे अथवा भीड़ समाप्त होने तक डायवर्जन प्रभावी रहेगा।
मणिपर्वत मेला (15 अगस्त) और तीसरे सोमवार व नागपंचमी (17 अगस्त) के अवसर पर 14 अगस्त सुबह 8 बजे से 17 अगस्त रात्रि 11 बजे अथवा भीड़ समाप्त होने तक यातायात व्यवस्था बदली रहेगी।
चौथे एवं अंतिम सोमवार (24 अगस्त) के लिए 23 अगस्त सुबह 8 बजे से 24 अगस्त रात्रि 11 बजे तक तथा श्रावण पूर्णिमा एवं मेला समापन (28 अगस्त) के लिए 27 अगस्त सुबह 8 बजे से 28 अगस्त रात्रि 11 बजे अथवा भीड़ समाप्ति तक डायवर्जन लागू रहेगा।
भारी वाहनों के लिए एक्सप्रेस-वे से तय होंगे वैकल्पिक मार्ग
एसपी ने बताया कि सुल्तानपुर, वाराणसी, जौनपुर, आजमगढ़, संतकबीरनगर, बस्ती तथा लखनऊ-कानपुर की ओर से आने वाले अधिकांश भारी वाहनों को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के जरिए उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। मालीपुर, कटका, राजेसुल्तानपुर, महरुआ और बेवाना क्षेत्र से भारी वाहनों के प्रवेश पर भी निर्धारित अवधि में प्रतिबंध रहेगा।
अयोध्या जाने वाले हल्के वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ते
अयोध्या की ओर जाने वाले हल्के वाहन यादव नगर, मिझौड़ा चौराहा, महरुआ और गोहन्ना मार्ग का उपयोग करेंगे। बसखारी, जलालपुर और मालीपुर की ओर से आने वाले हल्के वाहनों को भी अकबरपुर बाईपास होते हुए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button