अब रोवर बताएगा जमीन की सही सीमा

गौहन्ना में तहसीलदार की मौजूदगी में कराया प्राथमिक सीमांकन, ग्रामीणों को तकनीक के फायदे बताए

अंबेडकरनगर। भूमि सीमा विवादों के निस्तारण के लिए राजस्व विभाग ने रोवर (GNSS) तकनीक से सीमांकन शुरू किया है। जिलाधिकारी ईशा प्रिया के निर्देश पर तहसील अकबरपुर के गौहन्ना गांव में लंबित सीमा विवाद के मामले में रोवर तकनीक से प्राथमिक सीमांकन कराया गया। यह कार्रवाई तहसीलदार अकबरपुर दिव्या भारती वर्मा और पक्षकारों की मौजूदगी में हुई।

रोवर तकनीक से किए गए सीमांकन में भूमि की सीमा का वैज्ञानिक और सटीक तरीके से निर्धारण किया जाता है। राजस्व विभाग के अनुसार इससे सीमांकन को लेकर होने वाली आपत्तियों और विवादों में कमी लाने में मदद मिलेगी। साथ ही सीमा विवादों के निस्तारण की प्रक्रिया में तेजी आएगी।

मौके पर राजस्व टीम और ग्रामीण रहे मौजूद

सीमांकन के दौरान क्षेत्रीय लेखपाल के साथ प्रशिक्षित लेखपाल और अन्य राजस्व कर्मी मौजूद रहे। ग्रामीणों को रोवर तकनीक के इस्तेमाल और इसके लाभों की जानकारी भी दी गई।

तहसीलदार दिव्या भारती वर्मा ने बताया कि रोवर तकनीक से भूमि सीमांकन को अधिक वैज्ञानिक, सटीक और पारदर्शी तरीके से कराया जा रहा है। इससे सीमा विवादों के निस्तारण में सहूलियत होगी और प्रक्रिया को अधिक स्पष्ट बनाया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button