जीत की दहलीज पर था मुकाबला, बारिश ने बिगाड़ा खेल

दो ओवर में 12 रन बनाने थे, पांच विकेट थे शेष; नियमों के तहत प्रिंसिपल इलेवन को विजेता घोषित किया गया

अंबेडकरनगर। महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में शुक्रवार को प्रिंसिपल इलेवन और सीएमएस इलेवन के बीच मैत्री क्रिकेट मैच खेला गया। मुकाबला अंतिम चरण में पहुंचा ही था कि बारिश ने खेल रोक दिया। इसके बाद मैच दोबारा शुरू नहीं हो सका। निर्धारित नियमों के आधार पर प्रिंसिपल इलेवन को विजेता घोषित किया गया। बारिश के चलते यूनिटी कप की अंतरमहाविद्यालयीय खेल प्रतियोगिता के मुकाबले भी नहीं हो सके।

टॉस जीतकर सीएमएस इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में नौ विकेट पर 96 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रिंसिपल इलेवन ने मुकाबले में बढ़त बनाने की कोशिश की। खेल रुकने के समय टीम को जीत के लिए दो ओवर में 12 रन बनाने थे और उसके पांच विकेट बाकी थे। इसी दौरान बारिश तेज होने से मुकाबला आगे नहीं बढ़ सका।

मैच में सीएमएस इलेवन के डॉ. बृजेश कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया। डॉ. प्रमोद यादव बेस्ट बॉलर रहे। डॉ. विजय यादव और डॉ. जहीर अहमद ने क्षेत्ररक्षण किया। डॉ. चंद्रभान और डॉ. अभिषेक पांडेय ने अंपायर की भूमिका निभाई, जबकि डॉ. विवेक श्रीवास्तव ने कमेंट्री की।

प्राचार्य डॉ. मुकेश यादव ने कहा कि खेल आयोजन आपसी सहयोग और सौहार्द को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने मैच में शामिल खिलाड़ियों और उपस्थित लोगों का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button