अंबेडकरनगर। जिले में बिना मान्यता संचालित विद्यालयों और मान्यता प्राप्त कक्षाओं से अधिक कक्षाएं संचालित करने वाले स्कूलों पर बेसिक शिक्षा विभाग ने फिर शिकंजा कसने की तैयारी शुरू कर दी है। बीएसए डॉ. पूनम मिश्रा ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) को विद्यालयों का निरीक्षण कर नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच में अनियमितता मिलने पर संबंधित विद्यालय के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
निर्देश के बाद अब बीईओ अपने-अपने क्षेत्रों में विद्यालयों का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान विद्यालय की मान्यता, संचालित कक्षाओं और अन्य निर्धारित मानकों की जांच की जाएगी। बिना मान्यता विद्यालय संचालित मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जिस विद्यालय को जितनी कक्षाओं की मान्यता है, उससे अधिक कक्षाएं संचालित मिलने पर उन्हें बंद कराने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
नोटिस के बाद जुर्माने की तैयारी
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, जांच में नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित विद्यालय को नोटिस दिया जाएगा। अवैध रूप से संचालित कक्षाओं को बंद कराया जाएगा। लगातार नियमों का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों पर एक लाख रुपये तक जुर्माने की कार्रवाई के लिए प्रस्ताव बीएसए कार्यालय भेजा जाएगा।
इसके साथ ही निरीक्षण में लापरवाही बरतने वाले खंड शिक्षा अधिकारियों की भी जवाबदेही तय करने की बात कही गई है। इससे अभियान की निगरानी और कार्रवाई दोनों स्तर पर जिम्मेदारी तय होने की उम्मीद है।
हर बार अभियान, अब कार्रवाई पर नजर
बिना मान्यता स्कूलों के खिलाफ विभाग की कार्रवाई को लेकर जिले में पहले भी अभियान चलते रहे हैं। ऐसे में इस बार विभागीय निर्देश के बाद सबसे बड़ा सवाल कार्रवाई की निरंतरता को लेकर है। केवल निरीक्षण और नोटिस तक कार्रवाई सीमित रहती है या नियमों का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों पर वास्तव में जुर्माना और अन्य कार्रवाई होती है, यह अभियान आगे बढ़ने के साथ स्पष्ट होगा।









