अंबेडकरनगर। आयुर्वेद दिवस पर इस बार जिले में स्वास्थ्य और जीवनशैली को लेकर जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला चलेगी। विद्यालयों और महाविद्यालयों से लेकर आम लोगों के बीच आयुर्वेद से जुड़ी गतिविधियां होंगी। इसके लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें कार्यक्रमों की कार्ययोजना तय की गई।
इस वर्ष 11वें आयुर्वेद दिवस की थीम ‘स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद’ है। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कार्यक्रमों को केवल आयोजन तक सीमित न रखने और लोगों तक सरल जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए।
स्कूल-कॉलेजों में होगी स्वास्थ्य की पड़ताल
आयुर्वेद दिवस के तहत विद्यार्थियों के लिए प्रकृति के आधार पर स्वास्थ्य विश्लेषण कार्यक्रम होंगे। इसमें दिनचर्या, ऋतुचर्या और संतुलित आहार के बारे में जानकारी दी जाएगी। योग और रोगों से बचाव से जुड़ी गतिविधियां भी कराई जाएंगी।
विद्यार्थियों को इन विषयों पर निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में भी शामिल किया जाएगा। इससे आयुर्वेद और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े विषयों पर उनकी समझ विकसित करने की दिशा में कार्यक्रम होंगे।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/op-rajbhar-up-four-parts-purvanchal-cm/
औषधीय पौधे बांटकर बताएंगे उपयोग
आम लोगों के लिए आयुर्वेद आधारित पोषण और स्वस्थ जीवनशैली परामर्श कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। औषधीय पौधों का वितरण भी होगा। लोगों को इनके उपयोग और स्वास्थ्य से जुड़े पहलुओं की जानकारी दी जाएगी।
अधिकारियों को अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रमों में रोगों की रोकथाम, स्वास्थ्य संवर्धन और बेहतर जीवनशैली से जुड़ी जानकारी सरल भाषा में दी जाएगी।









