
- एसपी ने जनसुनवाई में सुनीं शिकायतें
- निष्पक्ष कार्रवाई के दिए निर्देश
- लंबित मामलों में तेजी लाने का आदेश
अम्बेडकरनगर। जिला पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने सोमवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में आए फरियादियों की समस्याओं को उन्होंने गंभीरता से सुना और प्रत्येक प्रकरण पर संवेदनशीलता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस कार्यालय स्थित जनसुनवाई कक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम में एसपी केशव कुमार ने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि उनके साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस का मूल कार्य जनसेवा है और आमजन की समस्याओं का शीघ्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निस्तारण करना हमारी प्राथमिकता है।
एसपी ने सभी संबंधित थाना प्रभारियों एवं विवेचना अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और विधिसम्मत समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि फरियादियों को बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने यह भी कहा कि जो शिकायतें थानों पर लंबित हैं, उन पर भी सतर्कता से कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ताओं को समय-समय पर अवगत कराया जाए।
ये भी पढ़ें-उधार मांगने पर मिली धमकी- तो दुकानदार ने अपनाया अनोखा तरीका
जनसुनवाई के दौरान कुछ फरियादियों ने भूमि विवाद, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, धोखाधड़ी, वाद-विवाद तथा पुलिसिया लापरवाही से जुड़ी शिकायतें रखीं, जिन पर एसपी ने मौके पर ही आदेश जारी किए।








