अंबेडकरनगर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शनिवार को शिवबाबा धाम में 312 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया जाएगा। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से चयनित जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधेंगे। आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
हर जोड़े के लिए एक लाख रुपये का प्रावधान
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर सरकार की ओर से एक लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें से 64 हजार रुपये नवविवाहित जोड़े के बैंक खाते में सीधे भेजे जाएंगे।
वहीं, 22 हजार रुपये की वैवाहिक उपहार सामग्री प्रत्येक जोड़े को दी जाएगी। बाकी राशि आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर खर्च की जाएगी।
शिवबाबा धाम में तैयार मंच, सुरक्षा भी रहेगी
समारोह स्थल पर वर-वधू और उनके परिजनों के बैठने की व्यवस्था की गई है। स्वच्छ पेयजल, सुरक्षा और चिकित्सा सुविधाओं को भी अंतिम रूप दिया गया है।
आयोजन स्थल पर टेंट, प्रकाश, खानपान और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी पूरी कर ली गई हैं।









