अम्बेडकरनगर की फुटबॉल अकादमी का राष्ट्रीय मंच पर जलवा

अवध म्यूटिनियर्स को मिला 4-स्टार दर्जा- यूपी की पहली और एकमात्र एआईएफएफ 4-स्टार एक्रेडिटेड अकादमी बनी, देश की चुनिंदा 16 अकादमियों में बनाई जगह

  • 12 साल की मेहनत का परिणाम, जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों को तैयार करने के अभियान को मिली बड़ी पहचान

अम्बेडकरनगर। जिले की फुटबॉल अकादमी अवध म्यूटिनियर्स स्पोर्ट्स क्लब ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने वर्ष 2026-27 के लिए क्लब को 4-स्टार एक्रेडिटेड फुटबॉल अकादमी की मान्यता दी है। इसके साथ ही यह उत्तर प्रदेश की एकमात्र एआईएफएफ 4-स्टार मान्यता प्राप्त फुटबॉल अकादमी बन गई है।

एआईएफएफ की मान्यता सूची में देशभर की 16 चुनिंदा अकादमियों को 4-स्टार और 5-स्टार श्रेणी में स्थान मिला है। अवध म्यूटिनियर्स स्पोर्ट्स क्लब ने इस सूची में जगह बनाकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान दर्ज कराई है।

164 अकादमियों के बीच हासिल किया प्रतिष्ठित स्थान

एआईएफएफ एक्रेडिटेशन के लिए इस वर्ष देशभर से 164 फुटबॉल अकादमियों ने आवेदन किया था। इनमें से 142 अकादमियों को मान्यता मिली। हालांकि 4-स्टार और 5-स्टार श्रेणी में केवल 16 अकादमियां ही पहुंच सकीं।

यह मान्यता अकादमी की प्रशिक्षण व्यवस्था, खिलाड़ियों के विकास, आधारभूत सुविधाओं, प्रशासनिक व्यवस्था और फुटबॉल को बढ़ावा देने के प्रयासों के आधार पर दी गई है।

अकबरपुर से निकली प्रतिभाओं ने बनाई पहचान

अवध म्यूटिनियर्स स्पोर्ट्स क्लब के संस्थापक और पूर्व सांसद रितेश पांडेय ने कहा कि यह उपलब्धि वर्षों के प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि शुरुआत से ही उद्देश्य उत्तर प्रदेश के युवा फुटबॉल खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना रहा है।

उन्होंने बताया कि क्लब पिछले 12 वर्षों से पूर्वी उत्तर प्रदेश के बच्चों के साथ काम कर रहा है। अकादमी के खिलाड़ी अंकुर राजभर और अरमान अहमद भारतीय अंडर-17 टीम तक पहुंच चुके हैं। दोनों खिलाड़ी अकबरपुर क्षेत्र से हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button