अम्बेडकर नगर। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने की। इस दौरान संचारी रोग नियंत्रण, आयुष्मान भारत योजना, आभा (ABHA) आईडी, एंबुलेंस सेवाओं और मातृ-शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
डेंगू-मलेरिया नियंत्रण के लिए विभागों को दिए निर्देश
बैठक में जिलाधिकारी ने मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, स्क्रब टायफस और लेप्टोस्पाइरोसिस जैसी संचारी बीमारियों की रोकथाम की तैयारियों की समीक्षा की।
उन्होंने जिला पंचायत राज विभाग, कृषि विभाग और अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। स्वच्छता अभियान, जलभराव की रोकथाम, एंटी लार्वा छिड़काव, मच्छर और चूहा नियंत्रण गतिविधियों के साथ जनजागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
आयुष्मान कार्ड और आभा आईडी निर्माण में तेजी के निर्देश
आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पात्र लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाने की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने पात्र लोगों को योजना का लाभ उपलब्ध कराने के लिए कार्ड निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत आभा आईडी निर्माण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।









