मासूम पर हैवानियत के मामले में इंसाफ की राह तकता परिवार

12 वर्षीय बालक को बंधक बनाकर भाला घोंपने और सिगरेट से दागने का आरोप, नामजद मुकदमा दर्ज; गिरफ्तारी का इंतजार

राजेसुल्तानपुर (अम्बेडकरनगर)। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के खरुवावं गांव में 12 वर्षीय बालक के साथ कथित रूप से हुई बर्बरता का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने बालक को बंधक बनाकर उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बंधक बनाकर अमानवीय यातना देने का आरोप
पीड़ित के पिता मान सिंह के अनुसार उनका 12 वर्षीय पुत्र सूरज सिंह गांव के ही दुर्गविजय सिंह के घर में मिला। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि दुर्गविजय सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर बालक को बंधक बनाया। उसके पैर में भाला घोंपा गया, शरीर पर सिगरेट से दागा गया और डंडों से मारपीट की गई। इससे बालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
बेटे को छुड़ाने पहुंचे पिता से भी अभद्रता
परिजनों का कहना है कि काफी तलाश के बाद जब वे आरोपी के घर पहुंचे तो बालक घायल अवस्था में पड़ा मिला। आरोप है कि विरोध करने पर दुर्गविजय सिंह, शिव नंदन सिंह, आशीष सिंह, सत्यम सिंह समेत अन्य लोगों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देकर वहां से भगा दिया।
मुकदमा दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
घायल बालक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाने के बाद परिजन राजेसुल्तानपुर थाने पहुंचे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर विभिन्न धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। मेडिकल परीक्षण कराने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button