- बीबीपुर में अवैध खनन पर छापा
- जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
- टीम का रास्ता रोकने का आरोप
अंबेडकर नगर। बसखारी थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव में नहर की सिल्ट के अवैध खनन पर प्रशासन ने देर रात बड़ी कार्रवाई की। शिकायत पर पहुंची खनन विभाग की टीम ने मौके से जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में लिया। कार्रवाई के दौरान टीम के साथ विरोध, सरकारी कार्य में बाधा और वाहन छुड़ाने के प्रयास का आरोप लगाया गया है।
शिकायत मिलते ही मौके पर पहुंची खनन टीम
13 जुलाई की रात अवैध खनन की सूचना मिलने पर खनन अधिकारी कमलेश साहू टीम के साथ बीबीपुर स्थित नहर पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान मौके पर जेसीबी संख्या यूपी45 एटी 2457 और कई ट्रैक्टर-ट्रालियों से नहर की सिल्ट निकालकर ले जाने का मामला सामने आया।
टीम को देखते ही वाहन चालक मौके से भागने लगे। कार्रवाई करते हुए टीम ने एक ट्रैक्टर-ट्राली को पकड़ लिया। इसके बाद पीछा कर करीब 30 मिनट बाद जेसीबी मशीन को भी कब्जे में ले लिया गया। अन्य वाहन मौके से निकल गए।
रास्ते में रोकने का आरोप, एक ट्रैक्टर छुड़ाया
खनन विभाग की टीम पकड़े गए वाहनों को बसखारी थाने ले जा रही थी। इसी दौरान ग्राम मसड़ा के पास 8 से 10 लोगों ने रास्ता रोक लिया। तहरीर के मुताबिक, आरोपितों ने टीम के साथ अभद्रता की और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई।
आरोप है कि इसी दौरान एक ट्रैक्टर-ट्राली को छुड़ाकर ले जाया गया। टीम ने मामले की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद कार्रवाई शुरू की गई।









