अंबेडकरनगर। महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में शनिवार को नेत्रदान जागरूकता अभियान के दौरान पोस्टर पर एक-एक कर चिकित्सकों, इंटर्न छात्रों और कर्मचारियों ने हस्ताक्षर किए। नेत्रदान पखवाड़े और शिक्षक दिवस के अवसर पर नेत्र रोग विभाग की ओर से आयोजित अभियान में पोस्टर के माध्यम से नेत्रदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ. अमित कुमार पटेल ने कहा कि नेत्रदान को लेकर लोगों तक सही जानकारी पहुंचाना जरूरी है। इसके लिए समाज में नेत्रदान के महत्व और इससे जुड़ी जानकारी का प्रसार किया जाना चाहिए।
नाक-कान-गला विभागाध्यक्ष डॉ. प्रमोद यादव ने कहा कि चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की जिम्मेदारी है कि वे स्वास्थ्य से जुड़ी सही जानकारी लोगों तक पहुंचाएं। नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने में इस तरह के कार्यक्रम उपयोगी हैं।
अभियान के दौरान चिकित्सकों और कर्मचारियों ने पोस्टर पर नेत्रदान से संबंधित जागरूकता संदेश भी लिखे। डॉ. अमित कुमार पटेल, डॉ. प्रमोद यादव, डॉ. साजन देव केसर, डॉ. सृष्टि नागराजन, डॉ. सुशील शर्मा, डॉ. वर्षा, डॉ. अरबी, डॉ. नीलम, डॉ. आनंद, डॉ. सबल और डॉ. शुभम ने हस्ताक्षर कर अभियान में भाग लिया। इंटर्न छात्रों, नर्सिंग स्टाफ और नेत्र विभाग के अन्य कर्मचारियों ने भी सहभागिता की।
शिक्षक दिवस पर शिक्षकों को दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम में शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों और गुरुजनों को शुभकामनाएं दी गईं। वहीं नेत्रदान पखवाड़े के तहत आयोजित अभियान में पोस्टर के जरिए नेत्रदान से संबंधित जानकारी और जागरूकता का संदेश दिया गया।









