अंबेडकरनगर। नेत्रदान पखवाड़े के तहत सोमवार को महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज के नेत्र विभाग में बैनर एवं पोस्टर प्रतियोगिता के साथ नेत्रदान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विभागीय परिसर में हुए कार्यक्रम में मेडिकल और नर्सिंग के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। पोस्टर और बैनर के माध्यम से नेत्रदान के महत्व का संदेश दिया गया।
विद्यार्थियों ने पोस्टर में बताया नेत्रदान का महत्व
कार्यक्रम का आयोजन नेत्र विभागाध्यक्ष एवं आचार्य डॉ. अमित कुमार पटेल के नेतृत्व में हुआ। प्रतियोगिता में नर्सिंग के साथ एमबीबीएस विद्यार्थियों ने भी प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने आकर्षक पोस्टर और बैनर तैयार कर नेत्रदान के सामाजिक महत्व को सामने रखा।
पोस्टरों के जरिए लोगों को नेत्रदान के लिए जागरूक करने और मरणोपरांत नेत्रदान के महत्व की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने रचनात्मक तरीके से नेत्रदान का संदेश प्रस्तुत किया।
मरीजों और तीमारदारों को दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान नेत्र विभाग में उपचार और परामर्श के लिए पहुंचे मरीजों तथा उनके तीमारदारों को नेत्रदान के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें नेत्रदान की प्रक्रिया और मृत्यु के बाद नेत्रदान से दृष्टिहीन लोगों को मिलने वाले संभावित लाभ के बारे में बताया गया।
लोगों को मरणोपरांत नेत्रदान के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से नेत्रदान से जुड़े भ्रम दूर करने और इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
चिकित्सकों और विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम में डॉ. साजन देव केसरी, डॉ. सृष्टि नागराजन, डॉ. दीपक वर्मा, डॉ. नीलम और डॉ. आनंद समेत वरिष्ठ एवं कनिष्ठ रेजिडेंट, इंटर्न, मेडिकल और नर्सिंग के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। नर्सिंग व्याख्याता गार्गी के साथ नेत्र विभाग के कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।









