अम्बेडकरनगर। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने जिले के पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए दो थाना प्रभारियों की अदला-बदली के साथ एक उपनिरीक्षक और 15 आरक्षियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। आदेश जारी होते ही पुलिस विभाग में नई तैनातियों को लेकर हलचल तेज हो गई। कई थानों और शाखाओं में नई जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं।
सम्मनपुर और अहिरौली को मिले नए थाना प्रभारी
तबादला सूची में सबसे महत्वपूर्ण बदलाव सम्मनपुर और अहिरौली थानों में हुआ है। अहिरौली के थाना प्रभारी अभिषेक त्रिपाठी को सम्मनपुर की कमान सौंपी गई है। वहीं सम्मनपुर थाना प्रभारी दिनेश सिंह को अहिरौली थाने का प्रभारी बनाया गया है। दोनों अधिकारियों की अदला-बदली को प्रशासनिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है।
बेवाना में नए उपनिरीक्षक की तैनाती
पुलिस लाइंस में तैनात उपनिरीक्षक महाबल सिंह को बेवाना थाने भेजा गया है। इसके अलावा महरुआ से शैलेश कुमार द्विवेदी को पैरोकार अयोध्या न्यायालय, पुलिस लाइंस से विनय कुमार मिश्र को बसखारी, भीटी से योगेंद्र सिंह को गणना कार्यालय पुलिस लाइंस, इब्राहिमपुर से प्रेमप्रकाश सिंह को राजेसुल्तानपुर तथा मालीपुर से करुणाशंकर मिश्र को बेवाना थाने में नई तैनाती दी गई है।
कई शाखाओं और थानों में भी बदली जिम्मेदारियां
महिला आरक्षी पुष्पा देवी को पुलिस लाइंस से अभियोजन कार्यालय भेजा गया है। दीपचंद्र यादव को बसखारी से कटका, पारुल चौधरी को पुलिस लाइंस से क्षेत्राधिकारी कार्यालय भीटी, रोहित कुमार सिंह को अहिरौली से मालीपुर तथा प्रीती यादव को अकबरपुर से एएचटीयू थाने भेजा गया है।
इसी क्रम में अमृता सिंह को जलालपुर से क्षेत्राधिकारी कार्यालय जलालपुर, प्रमोद बिंद को हंसवर से सम्मन सेल डेस्क, समीर अहमद को जलालपुर से आंकिक शाखा तथा सोनू कुमार चौरसिया को मालीपुर से जैतपुर थाने में तैनाती मिली है।









